जयपुर, 28 अप्रैल
करधनी थाना पुलिस ने वाहन चोरी और दुकानों में सेंधमारी करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें, बैटरियां, अल्टरनेटर, सेल्फ समेत कई अन्य सामान बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ जारी है और कई अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में पीयूष यादव उर्फ चिंटू (उम्र 30 वर्ष) निवासी नसीराबाद (अजमेर), तेजपाल (28 वर्ष) तथा फूलचंद (42 वर्ष) निवासी कापडियावास शामिल हैं। ये सभी वाहन चोरी और दुकानों में सेंधमारी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह से जुड़े हुए थे। पुलिस ने इनके पास से सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिन्हें हाथोज, खोराबावड़ी और बैनाड़ रोड क्षेत्र से चोरी किया गया था। इसके साथ ही दुकान से चोरी किए गए चार बैटरियां, आठ अल्टरनेटर और दो सेल्फ भी जब्त किए गए हैं।
थानाधिकारी ने बताया कि बलुपुरा रायथल निवासी दिनेश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करधनी क्षेत्र के गोविंदपुरा स्थित उसकी श्री कृष्णा बैटरी एंड टायर्स दुकान के ताले तोड़कर चोरी की गई। चोरों ने दुकान से लगभग चालीस वाहनों के सेल्फ और आठ बैटरियां भी चुरा ली थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने सीसीटीवी फुटेज और सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपितों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपित पहले से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। पीयूष यादव के खिलाफ करधनी थाने में दो मामले दर्ज हैं, तेजपाल पर हत्या और मारपीट के दो प्रकरण हैं, जबकि फूलचंद के खिलाफ हत्या सहित चार मामले दर्ज हैं। इनमें से दो आरोपी वर्तमान में जमानत पर बाहर थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और अतिरिक्त वारदातों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।













