अपराध
12 May, 2026

ढाई करोड़ का सोना लेकर कारोबारी लापता, झांसी सर्राफा बाजार में हड़कंप

झांसी में सर्राफा कारोबारी कथित तौर पर करीब ढाई करोड़ रुपये का सोना लेकर परिवार सहित लापता हो गया, जिसके बाद व्यापारियों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

झांसी, 12 मई।

शहर के सर्राफा बाजार में उस समय हलचल मच गई जब एक कारोबारी कथित तौर पर करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य का सोना लेकर परिवार सहित लापता हो गया। मामले के सामने आने के बाद सर्राफा व्यापारियों ने शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी और कारोबारी का जल्द पता लगाकर सोना बरामद करने की मांग की।

मंगलवार को सर्राफा व्यापार मंडल के नेता उदय सोनी की अगुवाई में बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंचे। व्यापारियों ने पुलिस को शिकायती पत्र देने के साथ लापता कारोबारी की तस्वीर भी सौंपी। व्यापारियों का कहना है कि गणेश मढ़िया मोहल्ला निवासी कुलदीप उर्फ दीपू सोनी सर्राफा कारोबार से जुड़ा था और बाजार से सोना लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे व्यापारियों तक पहुंचाने का काम करता था।

व्यापारियों के मुताबिक कुलदीप करीब एक सप्ताह से अपने परिवार के साथ घर से गायब है। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे किसी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है। व्यापारियों ने आशंका जताई है कि वह बाजार के कई कारोबारियों का लगभग ढाई करोड़ रुपये मूल्य का सोना लेकर लापता हुआ है।

बताया जा रहा है कि इस मामले में पंकज गुप्ता, प्रतीक वर्मा समेत आधा दर्जन से अधिक व्यापारी प्रभावित हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने और कारोबारी का जल्द सुराग लगाने की मांग की है।

व्यापारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कारोबारी की तलाश के लिए टीम का गठन किया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़