नोएडा, 06 मई।
सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-22 स्थित चौड़ा रघुनाथपुर गांव में प्रेमी और प्रेमिका के चौथी मंजिल से गिरने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस घटना में पुलिस ने मकान मालिक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि हनुमान मंदिर के पास रहने वाले पुनीत (26) और कुमारी विद्या दास (20) ने कथित रूप से आत्महत्या के इरादे से एक मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पुनीत को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि विद्या दास को गंभीर अवस्था में सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां वह जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रही है।
इस मामले में मृतक के पिता कृष्ण पाल की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चौड़ा रघुनाथपुर निवासी हितेश राणा और उसकी पत्नी चंचल राणा इस घटना में शामिल हैं, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पुनीत मेरठ का रहने वाला था और चंचल राणा भी वहीं की निवासी है। दोनों की पहचान कॉलेज के समय से थी और बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क बढ़ा। बताया गया कि हाल ही में चंचल के जन्मदिन पर पुनीत ने उसे ऑनलाइन शुभकामनाएं दी थीं, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत फिर शुरू हुई।
इसी दौरान पति हितेश राणा को पत्नी पर शक हुआ, जिसके बाद उसने पुनीत को बातचीत के बहाने अपने घर चौड़ा रघुनाथपुर बुलाया। पुनीत अपनी प्रेमिका विद्या के साथ वहां पहुंचा, जहां दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद दोनों वहीं रात में रुक गए और अगले दिन सुबह वे चौथी मंजिल से गिरे हुए पाए गए, जिससे पुनीत की मौत हो गई।
शुरुआत में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर यह मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।








.jpg)




