महोबा 12 मई
महोबा जिले में महोबा-हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अमर्यादित टिप्पणी के मामले में केस दर्ज किया गया है। इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और सांसद का पुतला दहन कर सदर कोतवाली में तहरीर दी।
सूत्रों के अनुसार सोमवार को सांसद अजेंद्र सिंह लोधी, सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव तथा अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, जहां उन्होंने जनसमस्याओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा था। इसी दौरान सांसद द्वारा प्रधानमंत्री को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया गया, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया।

इस बयान से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित आल्हा चौक पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और सपा सांसद का पुतला जलाया। इसके बाद उन्होंने सदर कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और कुछ अज्ञात समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सदर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय के अनुसार भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हालिया चुनाव परिणामों के बाद विपक्षी नेताओं का आचरण असंतुलित होता जा रहा है और जनता समय आने पर इसका जवाब देगी।








.jpg)


