नाहन, 12 मई।
सिरमौर जिले के श्री रेणुकाजी स्थित धार्मिक स्थल मेला मैदान में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कथित शराब सेवन का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री रेणुकाजी अनुज तोमर की शिकायत के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, वन मंडल अधिकारी रेणुकाजी की ओर से 4 और 5 मई को मेला मैदान में हरीश कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी ददाहू को विवाह समारोह आयोजित करने की अस्थायी अनुमति प्रदान की गई थी। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और जानकारियां सामने आईं, जिनमें समारोह के दौरान शराब सेवन किए जाने के आरोप लगाए गए।
शिकायत में कहा गया है कि श्री रेणुकाजी क्षेत्र धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां शराब के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। मामले को धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मानते हुए पुलिस थाना रेणुकाजी ने शिकायत मिलने के बाद तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए तथ्यों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
पुलिस ने लोगों से धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









.jpg)


