असम
06 May, 2026

असम में नई सरकार गठन से पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने दिया इस्तीफा

असम विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपते हुए नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू होने की औपचारिक घोषणा की।

गुवाहाटी, 06 मई।

असम में विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आने के दो दिन बाद बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राज्यपाल से मुलाकात कर अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।

उल्लेखनीय है कि असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को हुआ था, जबकि मतगणना 4 मई को संपन्न हुई। परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने अकेले 82 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ते हुए असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने भी 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की। इस तरह एनडीए को कुल 102 सीटें प्राप्त हुईं।

वहीं कांग्रेस को 19 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि उसके सहयोगी दल राइजर दल को 2 सीटें, एआईयूडीएफ को 2 सीटें और तृणमूल कांग्रेस को एक सीट मिली। इस बार वामपंथी दल पूरी तरह से विधानसभा से बाहर हो गए, जबकि 2021 में उन्हें एक सीट प्राप्त हुई थी।

इस्तीफा सौंपने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मिलकर अपना त्यागपत्र प्रस्तुत किया और 15वीं विधानसभा को भंग करने का अनुरोध किया। उन्होंने इसे केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं बल्कि जनादेश का सम्मान बताते हुए जनता के विश्वास को अपनी शक्ति बताया।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का निर्देश दिया है। सरमा ने कहा कि यह नया चरण अधिक जिम्मेदारी, मजबूत संकल्प और विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेगा, जिसका उद्देश्य असम के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़