शिमला, 29 अप्रैल
शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ठियोग क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस टीम नियमित गश्त और सूचना संकलन के कार्य में जुटी हुई थी।
मंगलवार शाम ठियोग थाना की टीम रहीघाट बाईपास मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध युवक को रोका गया और उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रीतीश, उम्र 24 वर्ष, निवासी टिक्कर तहसील के गुजान्दली गांव बताया।
तलाशी लेने पर युवक के पास से 7.230 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने अवैध रूप से रखा हुआ पाया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले में ठियोग थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी को यह नशा कहां से प्राप्त हुआ और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।






.jpg)




