बीजापुर, 15 मई।
जिले के पामेड़ क्षेत्र के तेंदूपत्ता संग्राहकों ने पिछले चार वर्षों से लंबित बोनस राशि के भुगतान की मांग को लेकर बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी को आज शुक्रवार को उनके निवास पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति पामेड़ के प्रबंधक रामाराव व्ही. पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चार वर्षों से तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का भुगतान नहीं किया गया है। ज्ञापन में बताया गया कि समिति के अंतर्गत 23 फड़ संचालित हैं, जहां संग्राहक कठिन परिश्रम से तेंदूपत्ता एकत्र करते हैं, लेकिन बोनस राशि नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
संग्राहकों का आरोप है कि जब वे बोनस के संबंध में पूछताछ करते हैं तो पामेड़ के प्रबंधक रामाराव व्ही. उन्हें डराकर और धमकाकर चुप करा देते हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों का बोनस उनका अधिकार है और गरीब आदिवासियों की मेहनत पर किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा चार वर्षों के लंबित बोनस के तत्काल भुगतान की बात कही।
विधायक ने यह भी चेतावनी दी कि यदि जांच और कार्रवाई नहीं की गई तो वे संग्राहकों के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और तेंदूपत्ता संग्राहक मौजूद रहे।














.jpg)
.jpg)