अपराध
11 May, 2026

खेत में मिला बुजुर्ग का खून से सना शव, हत्या से गांव में सनसनी

उदयपुर के सायरा क्षेत्र में खेत में बुजुर्ग का खून से लथपथ शव मिलने के बाद हत्या की आशंका गहराई, परिजनों ने गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की है।

उदयपुर, 11 मई।

उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह खेत में खून से सना शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक की पहचान रावो का सायरा गांव निवासी 60 वर्षीय मोहनलाल पुत्र खमाणा मेघवाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मोहनलाल रविवार रात एक परिचित व्यक्ति के साथ घर से निकले थे। उन्होंने परिवार को कुछ देर में लौटने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने उनकी तलाश भी की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो वहां मोहनलाल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। शव के गले, सिर और मुंह पर गहरी चोटों के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी नुकीले हथियार या पत्थर से हमला कर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम की मदद ली।

घटना के बाद गांव में गुस्से का माहौल देखने को मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग उठाई। मांगें पूरी नहीं होने तक उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। देर शाम तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी परिजनों तथा ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़