रीवा, 18 मार्च।
मध्य प्रदेश के रीवा में युवा संगम कार्यक्रम के तहत संभागीय आईटीआई परिसर में आज बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बड़े पैमाने पर रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है।
इस रोजगार मेले में जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
रोजगार उप संचालक अनिल दुबे ने बताया कि मेले में कुल 16 कंपनियां हिस्सा लेंगी और युवाओं का चयन करेंगी। कंपनियों में भर्ती के लिए आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यताएं अलग-अलग निर्धारित की गई हैं।
इस अवसर पर कक्षा 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, एमबीए, आईटीआई, डिप्लोमा मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा बीई मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल उतीर्ण युवाओं के लिए वेतन और भत्ते 7,000 रुपए से 35,000 रुपए तक तय किए गए हैं।
उप संचालक दुबे ने बताया कि युवाओं को रोजगार मेले में भाग लेने के लिए मूल अंकसूची, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति, आधार कार्ड या वोटर आईडी, रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन और दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है।
मेले में शामिल कंपनियों में फ्लैश ईवी प्लांट सावरदारी चाकन, फ्लैश इलेक्ट्रानिक्स एचपी चौक चाकन, टेनेको फेडरल म्हालुंगे चाकन, सीएनएच न्यू हॉलैंड प्लांट चाकन, महिंद्रा एण्ड महिन्द्रा लि. पीथमपुर, टेनेको क्लीन एयर इंडिया लि. पीथमपुर, धूत ट्रांसमिशन लि. पीथमपुर, मद्रास रबर फैक्ट्री दहेज गुजरात, मदरसन ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग सानंद गुजरात, एंडयोरेंस सानंद गुजरात, मदरसन ग्रुप नोएडा, कमिंस इंडिया प्रा.लि. पुणे, जिंदल साउथ वेस्ट संभाजी नगर, चैतन्या इंडिया फिन केडिट प्रा.लि. रीवा, सीआईआई-एमसीसी गुजरात और मिग्मा पैकट्रॉन प्रा.लि. इंदौर शामिल हैं।








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)