अपराध
29 Apr, 2026

विदेशी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला फर्जी वीजा गिरोह पकड़ा गया, तीन आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में विदेश में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय फर्जी वीजा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़े रैकेट का खुलासा किया है।

नई दिल्ली, 29 अप्रैल।

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय फर्जी वीजा गिरोह का दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है, जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह रूस, तुर्की और अजरबैजान में ऊंची सैलरी वाली नौकरी का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच पीड़ितों के मूल पासपोर्ट, सात मोबाइल फोन, नकदी और कई फर्जी पहचान पत्र बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान निवासी सलाउद्दीन मंसूरी उर्फ हैदर खान, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी कौसर और गाजियाबाद निवासी मोहम्मद शहजाद के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि ये तीनों एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे और अब तक सैकड़ों लोगों को अपने जाल में फंसा चुके हैं।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में नौकरी के विज्ञापन देकर लोगों से ठगी की जा रही है। इसके बाद निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी निगरानी और फील्ड जांच के जरिए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी और पुख्ता जानकारी मिलने पर पीतमपुरा के पास छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी खुद को कोलकाता की एक फर्जी कंपनी का मानव संसाधन प्रबंधक बताकर पीड़ितों से संपर्क करता था। सोशल मीडिया पर विदेशों में नौकरी के आकर्षक विज्ञापन डाले जाते थे और आवेदकों को व्हाट्सएप तथा अन्य माध्यमों से जोड़कर उनसे दस्तावेज मंगवाए जाते थे।

आरोपी पासपोर्ट की स्कैन कॉपी के आधार पर फर्जी वीजा स्टांप, नकली नौकरी पत्र और हवाई टिकट तैयार कर पीड़ितों को यह विश्वास दिलाते थे कि प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके लिए फर्जी ऑनलाइन लिंक भी बनाए जाते थे ताकि दस्तावेज वास्तविक प्रतीत हों। बाद में जब पीड़ित यात्रा की तैयारी करते थे, तब उन्हें ठगी का पता चलता था और आरोपी फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लगातार अपने ठिकाने बदलकर विभिन्न शहरों से संचालन कर रहा था ताकि कानून से बचा जा सके। गिरोह का मुख्य सरगना फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनके वित्तीय लेनदेन और अन्य पीड़ितों की पहचान की जांच शुरू कर दी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़