मध्य प्रदेश
13 Apr, 2026

अनूपपुर में गैस सिलेंडर फटा, घर-दुकान में लगी भीषण आग, महिला गंभीर रूप से झुलसी

अनूपपुर के अमरकंटक क्षेत्र में गैस सिलेंडर विस्फोट से घर और दुकान में लगी भीषण आग में लाखों का नुकसान हुआ और एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।

अनूपपुर, 13 अप्रैल।

अमरकंटक थाना क्षेत्र के दोनिया गांव में सोमवार दोपहर खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद आग लगने से जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे घर के साथ नीचे स्थित किराना दुकान भी आग की चपेट में आ गई और लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।

घटना रज्जू उर्फ राजकुमार नायक के घर की बताई गई है, जहां सुबह उनकी बेटी चांदनी नायक खाना बना रही थीं, तभी गैस रिसाव के चलते सिलेंडर में आग भड़क उठी और कुछ ही क्षणों में विस्फोट हो गया, जिससे आग तेजी से फैल गई और पूरा मकान तथा दुकान प्रभावित हो गए।

आग और धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने हैंडपंप के पानी की मदद से कई घंटों तक प्रयास कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखे कपड़े, जेवरात, घरेलू सामान और दुकान का पूरा स्टॉक जलकर नष्ट हो चुका था तथा मकान की छत में दरारें भी आ गईं।

परिवार ने बताया कि इस हादसे में लगभग पैंतीस लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। वहीं आग बुझाने के प्रयास में रज्जू नायक की पत्नी सोना बाई गंभीर रूप से झुलस गईं, जिनके दोनों पैर बुरी तरह प्रभावित हुए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शहडोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सौभाग्य से इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की अनुपलब्धता भी सामने आई है। पुष्पराजगढ़ विकासखंड में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था नहीं है, जबकि अमरकंटक नगरीय क्षेत्र का एक वाहन मुख्यमंत्री के प्रवास कार्यक्रम में लगा होने के कारण मौके पर नहीं पहुंच सका।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़