मुंबई, 18 अप्रैल। महाराष्ट्र के गोरेगांव स्थित नेस्को ग्राउंड में आयोजित म्यूजिक कॉन्सर्ट से जुड़े ड्रग मामले में शनिवार को पुलिस ने रायगढ़ जिले के पोलादपुर से आठवें आरोपी आयुष विक्की साहित्य (24) को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विस्तृत जांच वनराई पुलिस स्टेशन की टीम द्वारा की जा रही है।
रायगढ़ की पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल ने बताया कि उनकी टीम को इस मामले से जुड़े आरोपी के बारे में गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने आज तड़के पोलादपुर में जाल बिछाकर आरोपी आयुष को पकड़ लिया और आगे की कार्रवाई के लिए वनराई पुलिस के हवाले कर दिया।
उल्लेखनीय है कि गोरेगांव के नेस्को मैदान में पिछले शनिवार को आयोजित म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान कथित रूप से ड्रग्स की आपूर्ति की गई थी, जिसके सेवन से दो एमबीए छात्रों विस्मित सिंह और श्रेया राय की मौत हो गई थी, जबकि शीतल सालवी का उपचार गोरेगांव स्थित अस्पताल में जारी है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें आयुष की गिरफ्तारी शनिवार को हुई, जबकि विनीत गेरलानी (22), रौनक राहुल खंडेलवाल, आकाश बनमारी सामल, सनी विनोद जैन, बालकृष्णन बलराम कुरुप, प्रतीक बिजेश पांडे और आनंद लक्ष्मण पटेल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच अभी भी जारी है।





.jpg)
.jpg)

