गुवाहाटी, 12 मई
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने असम के मुख्यमंत्री पद की लगातार दूसरी बार शपथ ली। मंगलवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज खेल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में डॉ. सरमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
मुख्यमंत्री के शपथ लेने के बाद रामेश्वर तेली, अजंता नेओग, असम गण परिषद के अतुल बोरा तथा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के चरण बोडो ने मंत्री पद की शपथ ली। सभी को राज्यपाल द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा चुनाव 2026 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। इसमें भारतीय जनता पार्टी को 82 सीटें प्राप्त हुईं, जबकि सहयोगी दलों ने भी मजबूत प्रदर्शन किया।







.jpg)




.jpg)