नई दिल्ली, 28 मई ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूरोपीय देश स्लोवेनिया के नए प्रधानमंत्री चुने जाने पर जनेज जान्शा को गुरुवार को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारत और स्लोवेनिया के बीच संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेश में जनेज जान्शा को प्रधानमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों की साझा समृद्धि और पारस्परिक हितों को ध्यान में रखते हुए वह द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ काम करने को उत्सुक हैं।
हाल ही में संपन्न चुनाव में 90 सदस्यीय स्लोवेनियाई संसद में जनेज जान्शा की पार्टी स्लोवेनियन डेमोक्रेटिक पार्टी को 28 सीटें मिलीं। वहीं, फ्रीडम मूवमेंट ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके बाद जान्शा की पार्टी ने कई दलों के साथ मिलकर गठबंधन तैयार किया, जिसमें न्यू स्लोवेनिया, डेमोक्रेट्स, स्लोवेनियन पीपुल्स पार्टी और फोकस शामिल हैं। गठबंधन को कुछ दलों का बाहरी समर्थन भी प्राप्त हुआ है।
प्रधानमंत्री पद के लिए हुए मतदान में जनेज जान्शा के पक्ष में 51 वोट पड़े, जबकि 36 सांसदों ने विरोध में मतदान किया। इसके साथ ही वह चौथी बार स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री बने हैं। इससे पहले वह वर्ष 2004 से 2008, 2012 से 2013 और 2020 से 2022 के बीच भी इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।











