पाली, 29 मई।
जिले के जाडन टोल प्लाजा के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में आरटीओ विभाग के संविदाकर्मी गार्ड की मौत हो गई। जांच के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने गार्ड को कुचल दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दृश्य देखकर मौके पर मौजूद आरटीओ इंस्पेक्टर की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, केशव नगर निवासी 52 वर्षीय रामलाल, जो सेना से सेवानिवृत्त सैनिक थे और पिछले आठ वर्षों से आरटीओ कार्यालय पाली में गार्ड के रूप में तैनात थे, अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे जब उन्होंने पाली से सोजत जा रहे एक ट्रेलर को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय सीधे रामलाल पर चढ़ा दी। ट्रेलर का पहिया उनके सिर और सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आरटीओ इंस्पेक्टर शंभूलाल बलाई ने बताया कि चीख सुनकर टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
















