नई दिल्ली, 30 मई ।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने पत्रकारों और लेखकों को शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने हिंदी पत्रकारिता की लोकतंत्र को सशक्त बनाने में भूमिका की सराहना की।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता समाज की चेतना और लोकतंत्र की मजबूती का सशक्त माध्यम रही है। उन्होंने कहा कि बदलते समय और तकनीकी युग में हिंदी की प्रासंगिकता लगातार बढ़ रही है और यह अब डिजिटल मीडिया, इंटरनेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि हिंदी पत्रकारिता जनजागरण, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है और यह लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने अपनी गौरवशाली यात्रा में समाज को जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है। उन्होंने पत्रकारों से लोकहित और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने पत्रकारिता को समाज को जागरूक और सशक्त बनाने वाली शक्ति बताते हुए लोकतंत्र के सभी प्रहरियों को नमन किया। वहीं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचार संकलन नहीं बल्कि जनचेतना और राष्ट्र निर्माण की सशक्त धारा रही है।
सभी नेताओं ने हिंदी पत्रकारिता को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए इसके निरंतर विकास और जनहित में इसकी भूमिका को और मजबूत बनाए रखने की कामना की।











