देहरादून, 30 मई ।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम को सरकार और जनता के बीच मजबूत संवाद का अहम माध्यम बताते हुए मिशन-2027 की तैयारियों में पूरी सक्रियता से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है।
उत्तराखंड दौरे के अंतिम दिन शनिवार को देहरादून स्थित बीजापुर सेफ हाउस में आयोजित बैठक में नितिन नवीन ने प्रदेश की मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम के पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने संगठन और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने पर बल दिया और विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे का तथ्यों व सकारात्मक संवाद के जरिए जवाब देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी संगठन और विशेष रूप से मीडिया टीम पर है। साथ ही आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार भ्रम, झूठ और अफवाह फैलाकर माहौल प्रभावित करने का प्रयास करता है, लेकिन पार्टी को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावी संवाद कायम रखना होगा।
नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि विकास और सच्चाई के मुद्दों के सामने विपक्ष की राजनीति अधिक समय तक टिक नहीं सकेगी। उन्होंने बिहार, बंगाल, असम और पुडुचेरी का जिक्र करते हुए कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक दिलाने में मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका निर्णायक साबित होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया और सोशल मीडिया सबसे प्रभावी मंच हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता में मीडिया की कार्यक्षमता और प्रदर्शन अहम अंतर पैदा करते हैं, इसलिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि 2027 में जीत का नया रिकॉर्ड स्थापित किया जा सके।
बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




.jpg)






