नई दिल्ली, 01 जून।
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार को राजस्थान का नया प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त कर दिया है और यह जिम्मेदारी तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में इस नियुक्ति की जानकारी दी गई। राजस्थान में यह संगठनात्मक पद जनवरी 2024 से रिक्त चल रहा था, क्योंकि तत्कालीन संगठन महामंत्री चंद्रशेखर के तेलंगाना स्थानांतरण के बाद से यह दायित्व खाली था।
पार्टी सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर मूल निवासी अजेय कुमार सितंबर 2019 से उत्तराखंड में प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में कार्यरत थे, जहां संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा पार्टी कैडर को मजबूत करने में उनकी भूमिका की सराहना होती रही है।
उत्तराखंड से पहले वे उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र में संगठन महामंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में की थी और लंबे समय तक उत्तराखंड में सक्रिय रहे। वे श्रीनगर में नगर प्रचारक रहे, इसके बाद हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में जिला प्रचारक तथा बाद में अल्मोड़ा में विभाग प्रचारक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।











