सुकमा, 01 जून।
जिले के साडरापाल गांव में रविवार को दो समूहों के बीच हुई हिंसक झड़प में 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में दस व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपिताें की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस ने इसे जमीन विवाद और आपसी कलह का परिणाम बताया है।
जानकारी के अनुसार झड़प में आरोपिताें ने सामूहिक रूप से मारपीट की। इस मामले में हड़मा मांडवी, गंगाराम कवासी, बुधरा कवासी, महादेव कवासी, हनीस करटामी, आयता कवासी, लच्छु कवासी, हांदा वेट्टी, गुड्डी राम बेट्टी और सन्ना आयता को आरोपित के रूप में दर्ज किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार घटना में कोई गंभीर चोटिल नहीं हुआ है।
वहीं छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फ़ोरम ने इस घटना को ईसाइयों पर हमला बताते हुए कहा कि प्रार्थना कर रहे लोगों पर लकड़ी की लाठियों से हमला किया गया। पुलिस ने इस दावे की जांच भी शुरू कर दी है।
सुकमा एसपी किरण चौहान ने बताया कि भूमि विवाद के चलते कुछ व्यक्तियों ने हिडमा कवासी और उनके साथियों को गाली-गलौज और धमकियों के साथ पीटा। पुलिस ने तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया और घायलों को उपचार के लिए भेजा। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
















