जामनगर, 01 जून ।
जामनगर एयरपोर्ट पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पुत्री टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बोलोस विशेष विमान से पहुंचे, जहां से वे सीधे मोटीखावड़ी स्थित रिलायंस परिसर की ओर रवाना हुए।
उनके आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर रिलायंस के वन्यजीव एवं पशु संरक्षण केंद्र तक सुरक्षा के व्यापक और सख्त इंतजाम किए गए। जामनगर पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क रहीं और पूरे मार्ग को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, दोनों मेहमान विश्व प्रसिद्ध वनतारा वन्यजीव एवं पशु पुनर्वास केंद्र का दौरा करने पहुंचे हैं। इस दौरान उनके काफिले में बुलेटप्रूफ वाहन, पायलट जीप और विशेष सुरक्षा एस्कॉर्ट शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई और कुछ समय के लिए यातायात भी नियंत्रित किया गया, जिससे खंभालिया रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।
वनतारा केंद्र में वे दुर्लभ प्रजातियों के पशु-पक्षियों का अवलोकन करेंगे और वहां चल रही वन्यजीव संरक्षण, पुनर्वास एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी विशेषज्ञों से प्राप्त करेंगे।
इस बीच टिफनी ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारत यात्रा के फोटो और वीडियो साझा करते हुए भारतीय संस्कृति, विरासत और आतिथ्य की सराहना की है।











