भोपाल, 03 जून ।
निशातपुरा थाना पुलिस ने जिला बदर आदेश के बावजूद शहर में सक्रिय रूप से घूम रहे एक आदतन अपराधी को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी की पहचान आशु खान उर्फ ‘अंडा’ उर्फ नफीस खान के रूप में हुई है, जिसके पास से एक लोहे का धारदार छुरा बरामद किया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को उसके घर के पास से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसने लोवर के अंदर छिपाकर छुरा रखा हुआ था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को 13 मई 2026 को भोपाल पुलिस आयुक्त द्वारा मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत भोपाल और आसपास के जिलों से जिला बदर किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह आदेश का उल्लंघन करते हुए शहर में मौजूद पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसकी आपराधिक गतिविधियों का लंबा इतिहास बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह शहर में किन कारणों से आया था और उसकी गतिविधियों का उद्देश्य क्या था।










