जालौन जिले के कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुदरा करौदी में सोमवार देर रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका अपने ननद के घर आई हुई थी और इसी दौरान पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र बाजपेयी के अनुसार मृतका की पहचान 45 वर्षीय बबली कुशवाहा उर्फ बबली देवी के रूप में हुई है, जो रिश्तेदारी में ननद के घर ठहरी हुई थी। रात में घर पर शराब पार्टी चल रही थी, तभी पति सुशील कुशवाहा, पत्नी बबली देवी और ननद चन्द्रकली के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान बबली देवी की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद पति और उसकी बहन भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जब ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे तो बबली देवी का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला और शरीर पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सीओ, कोतवाली प्रभारी और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति और ननद को नशे की हालत में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के दौरान पति ने अपनी बहन के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।








.jpg)


