साबरकांठा, 29 अप्रैल।
गुजरात के साबरकांठा जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार हिम्मतनगर के पास जसवंतगढ़ पाटिया क्षेत्र में शामलाजी से अहमदाबाद की ओर जा रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज गति से आ रही एक निजी लग्जरी बस ने आगे चल रही इको कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला और ऊपरी हिस्सा बुरी तरह दब गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल होकर वाहन के भीतर फंस गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस दल मौके पर पहुंचा और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निजी लग्जरी बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते बस ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
अधिकारियों ने बताया कि घटना में छह लोगों की मृत्यु हुई है और अनधिकृत कटों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।








.jpg)



