रायपुर, 07 मई।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय वैश्विक कृषि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी सहयोग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान लगातार स्थापित कर रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा विश्व के अनेक शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों के साथ शैक्षणिक व शोध सहयोग बढ़ाने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है तथा कृषि विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, उद्यमिता एवं नवाचार को वैश्विक साझेदारियों से जोड़ने के प्रयास सतत जारी हैं।
इसी क्रम में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने उज्बेकिस्तान के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं अंतरराष्ट्रीय शिक्षण संस्थानों के साथ शिक्षा, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी विनिमय एवं नवाचार के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को लेकर अनुबंध स्थापित किए हैं। कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के उच्चस्तरीय शैक्षणिक प्रतिनिधिमंडल ने फरवरी-मार्च 2026 के दौरान उज्बेकिस्तान के तरमेज़, डेनाऊ, ताशकंद, बुखारा एवं समरकंद स्थित प्रमुख विश्वविद्यालयों, कृषि संस्थानों एवं अनुसंधान केंद्रों का दौरा किया था।
इस शैक्षणिक संवाद को आगे बढ़ाते हुए उज्बेकिस्तान से आठ सदस्यीय उच्चस्तरीय शैक्षणिक प्रतिनिधिमंडल आज 7 से 8 मई 2026 तक इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर का दौरा करेगा। यह दौरा दोनों देशों के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को नई दिशा प्रदान करने वाला माना जा रहा है।
इस प्रतिनिधिमंडल में बुखारा स्टेट यूनिवर्सिटी से अंतरराष्ट्रीय सहयोग के उप-कुलपति प्रो. अब्रोर जोरायेव तुरोबोविच तथा समरकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसीन, लाइवस्टॉक एवं बायोटेक्नोलॉजी से अनुसंधान एवं नवाचार के उप-कुलपति प्रो. तयलाकोव तोलिब इसाकुलोविच सहित अन्य वरिष्ठ शिक्षाविद एवं वैज्ञानिक शामिल हैं।



.jpg)







.jpg)

