उत्तर प्रदेश
07 May, 2026

जल संरक्षण को लेकर वाराणसी में जागरूकता अभियान, भूजल स्तर गिरने पर जताई चिंता

वाराणसी में गिरते भूजल स्तर को लेकर सामाजिक संस्था द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें जल संरक्षण और जल की बर्बादी रोकने का सामूहिक संकल्प लिया गया तथा वर्षा जल संचयन को समाधान बताया गया।

वाराणसी, 07 मई।

उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में लगातार घटते भूजल स्तर को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का आयोजन सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में किया गया, जहां शिक्षिकाओं और छात्राओं के साथ मिलकर जल संरक्षण तथा जल की बर्बादी रोकने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ प्रियंका तिवारी ने कहा कि वाराणसी ही नहीं बल्कि प्रदेश के कई जिलों और देश के अनेक हिस्सों में भूमिगत जल की कमी की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है, जिसका असर स्थानीय स्तर पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है और लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। उन्होंने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में जल संकट और अधिक गहरा सकता है, जिससे आमजन को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में अभी भी लाखों लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और इसका प्रमुख समाधान वर्षा जल संचयन है।

अन्य वक्ताओं ने भी जल संरक्षण को आवश्यक बताते हुए कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि लोग अनावश्यक रूप से पानी की बर्बादी करते हैं, जबकि जल मानव जीवन का मूल आधार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है।

कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि जल संरक्षण के लिए सकारात्मक सोच अपनाते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा, ताकि भविष्य की पीढ़ियों को जल संकट से बचाया जा सके और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

इस अभियान में संस्था के मुकेश जायसवाल, डॉ अशोक कुमार राय, गणेश सिंह, श्याम दास गुजराती, कंचन बाला, शशि श्रीवास्तव, रंजना गिरि, सुनीता सिंह सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी की।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़