नई दिल्ली, 13 अप्रैल।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं, विशेषकर अजमेरी गेट क्षेत्र में यातायात को सुचारू बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में एक संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (दिल्ली) पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने की, जिसमें स्टेशन क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने और भीड़ नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दिल्ली मंडल, दिल्ली यातायात पुलिस, नगर निगम, राजकीय रेलवे पुलिस तथा रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान स्टेशन परिसर और आसपास वाहनों तथा पैदल यात्रियों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने पर विशेष विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े और आवागमन पूरी तरह सुचारू रहे।
बैठक में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आशुतोष पांडे, यातायात पुलिस के उप आयुक्त निशांत गुप्ता, अतिरिक्त उप आयुक्त (मध्य जिला) ऋषि कुमार, नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त एवं राजकीय रेलवे पुलिस संजय भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि अजमेरी गेट की ओर स्थित प्रवेश एवं निकास मार्गों पर अवैध विक्रेताओं और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगी ताकि यात्रियों और आम जनता के लिए आवागमन पूरी तरह व्यवस्थित और निर्बाध बनाया जा सके।







.jpg)




.jpg)