सागर, 07 मई।
मध्यप्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सागर प्रवास के दौरान कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए उस पर किसानों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की यह पुरानी आदत रही है कि वह किसानों को भ्रमित करता है, जबकि वर्तमान सरकार उनके हितों को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है।
मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में उपार्जन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है और सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उपार्जन केंद्रों पर आने वाली फसल का हर दाना समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा और किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में कठिनाई नहीं होगी।
उन्होंने आगे बताया कि इस बार उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिसमें गर्मी को देखते हुए पेयजल और बैठने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खाद्य मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस केवल चुनावी समय और आंदोलनों में ही किसानों की चिंता जताती है, जबकि सरकार पूरे वर्ष किसानों के कल्याण के लिए निरंतर योजनाएं चला रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता अब विपक्ष के दोहरे रवैये को अच्छी तरह समझ चुकी है।



.jpg)







.jpg)
