मऊगंज, 15 मई।
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के जमुहरा गांव में शुक्रवार सुबह एक अत्यंत दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई, जिसमें अपने छोटे बच्चे को बचाने के प्रयास में एक मां तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार जमुहरा गांव निवासी आरती कोल (28 वर्ष, पति सुशील कोल) अपने घर के समीप सीतापुर-पन्नी सड़क मार्ग पर रहती थी। शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे उनका छोटा बच्चा खेलते-खेलते घर से बाहर निकलकर अचानक मुख्य सड़क की ओर पहुंच गया, जहां सामने से तेज गति से हाईवा वाहन आ रहा था।
बच्चे को खतरे में देख मां ने तुरंत दौड़ लगाई और उसे सुरक्षित बचा लिया, लेकिन इसी दौरान सीतापुर की ओर से गिट्टी लेकर पन्नी जा रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ट्रक चालक की लापरवाही से नाराज लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही मऊगंज एसडीओपी सचि पाठक तथा थाना प्रभारी रीना सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात पुनः सुचारु किया जा सका।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाईवा वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक को हिरासत में ले लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊगंज अस्पताल भेजा गया। चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर मृत्यु कारित करने का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। पूरे गांव में घटना के बाद से मातम का माहौल बना हुआ है।















