नैहाटी, 08 अप्रैल 2026।
नैहाटी में स्थित नदिया जूट मिल में बुधवार सुबह करीब 11 बजे भयंकर आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पाट (जूट) के गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद स्थिति जल्दी ही नियंत्रण से बाहर हो गई और आग ने व्यापक नुकसान की आशंका पैदा कर दी।
सूचना मिलने पर दमकल की पांच गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग को बुझाने में जुट गईं। हालांकि ज्वलनशील पदार्थों की अधिकता और आग की तीव्रता के कारण दमकल कर्मियों को इसे पूरी तरह काबू में करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड से करोड़ों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, जिससे राहत की सांस ली जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही नैहाटी नगरपालिका के चेयरमैन अशोक चट्टोपाध्याय और तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय उम्मीदवार सनत दे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दमकल अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया और आग पर जल्द नियंत्रण पाने के निर्देश दिए।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग ने बताया कि जब तक आग पूरी तरह काबू में नहीं आती, तब तक इसकी जांच शुरू नहीं की जाएगी और आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा।








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

