कानपुर, 08 अप्रैल 2026।
फूलबाग मंडी में हुए भीषण अग्निकांड ने दर्जनों परिवारों की जिंदगी को हिला कर रख दिया है। व्यापारियों की वर्षों की मेहनत कुछ ही पल में राख हो गई, जिससे प्रभावित परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहे हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ काशीवार ने मंगलवार को कहा कि प्रत्येक प्रभावित दुकानदार को कम से कम 2.75 लाख रुपये का मुआवजा मिलना चाहिए।
उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल ने इस अग्निकांड के मद्देनजर पीड़ित व्यापारियों के समर्थन में आंदोलन की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष वीएस गुप्ता के निर्देश पर कानपुर मंडल के पदाधिकारी सिद्धार्थ काशीवार के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर मुआवजा और सुरक्षा की मांग को लेकर संघर्ष शुरू कर दिया।
इस अग्निकांड में कुल 32 परिवार प्रभावित हुए हैं, जिनकी आजीविका पूरी तरह नष्ट हो गई। व्यापारियों ने बताया कि कई लोगों की जिंदगीभर की कमाई आग में जल गई। कुछ परिवारों के सामने अब जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
सिद्धार्थ काशीवार ने कहा कि यह घटना लापरवाही का परिणाम है और इसकी कीमत निर्दोष व्यापारियों को चुकानी पड़ी। उन्होंने बताया कि कई लोगों की बेटियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई और इलाज का खर्च इस आग में खत्म हो गया। उन्होंने एक बुजुर्ग महिला का उदाहरण दिया, जिनकी बेटी की शादी अगले महीने थी और शादी के लिए जुटाई गई रकम जल गई।
व्यापार मंडल पिछले दो दिनों से लगातार पीड़ितों के साथ खड़ा है। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर प्रभावित दुकानदार को कम से कम 2.75 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
व्यापार मंडल ने यह भी घोषणा की कि मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर औपचारिक रूप से आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान संगठन मंत्री आनंद गुप्ता, नरेश कठेरिया, अजय प्रकाश तिवारी, अजय श्रीवास्तव शीलू, जितेंद्र गिरि, दिलीप सिंह, राम शंकर राय, विनोद अवस्थी, प्रीति सोनकर सहित अन्य पदाधिकारी और सभी 32 प्रभावित परिवार उपस्थित रहे।










.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)