सुपौल, 28 अप्रैल।
जिले के त्रिवेणीगंज मुख्यालय स्थित धर्मशाला रोड के राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी मंदिर के पूर्व-उत्तर दिशा की सड़क पर मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकली एक 78 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ लूट की घटना हो गई। दो अज्ञात नकाबपोश बाइक सवारों ने पीछे से आकर महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और दक्षिण दिशा की ओर फरार हो गए।
घटना सुबह लगभग पांच से साढ़े पांच बजे के बीच की बताई जाती है। अचानक हुई इस वारदात से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में पीछा किया, हालांकि दोनों आरोपी भागने में सफल रहे।
पीड़िता के पुत्र राज कपूर गुप्ता ने इस घटना को लेकर थाने में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में बताया गया है कि उनकी 78 वर्षीय मां तारा देवी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं और वापस लौट रही थीं, तभी पीछे से काले रंग की बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
बताया गया है कि बदमाश करीब 15 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनकर मौके से भाग निकले, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। घटना के बाद परिजन भयभीत हैं और बदमाशों की पहचान नहीं कर पाए हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।













