बांसवाड़ा, 28 अप्रैल
मोटा गांव थाना क्षेत्र के टामटिया आड़ा गांव में युवक की हत्या के बाद भड़का जनआक्रोश देखते ही देखते हिंसक रूप ले गया। घटना के बाद उपजे गुस्से में भीड़ ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की और आगजनी की वारदात को अंजाम दिया, जिससे बड़ी तबाही मच गई।
आगजनी की इस घटना में तीस से अधिक कच्चे मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जबकि कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में आ गए।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार मृतक गोविंद की हत्या के मामले में उसके पिता छगन की रिपोर्ट पर नानु उर्फ नानालाल, विजय, सुनील, अनिल, रूपा, देवीलाल, गणेश, भरत, नरेश, हालिया, अनिल कटारा और हरीश डामोर सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक छह संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हालांकि प्रशासन ने हालात को नियंत्रण में बताया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।













