जयपुर, 11 अप्रैल।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने परकोटे क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शुक्रवार देर रात औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे न्यू गेट से निरीक्षण की शुरुआत करते हुए करीब दस किलोमीटर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर विभिन्न इलाकों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जोरावर सिंह गेट, जोहरी बाजार, नेहरू बाजार, हवा महल, जल महल, सुभाष चौक, बापू बाजार और रामगढ़ मोड़ सहित कई प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी। इस दौरान जगह-जगह फैली गंदगी और डस्टबिनों की बदहाल स्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे रखे डस्टबिनों से नियमित रूप से कचरा हटाया जाए। हवा महल क्षेत्र में डिवाइडरों पर फैली गंदगी देखकर उन्होंने तत्काल सफाई कराने के आदेश दिए। साथ ही गंदगी फैलाने वाले थड़ी-ठेला संचालकों के खिलाफ मौके पर ही चालान की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा परकोटे क्षेत्र में अवैध रूप से बिछाई गई केबल लाइनों को हटाने के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया और उनकी समस्याएं भी सुनीं। साथ ही सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित मॉनिटरिंग के साथ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



.jpg)








.jpg)
.jpg)
