लखीमपुर, 28 अप्रैल
जनपद लखीमपुर खीरी के थाना मितौली क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में मृतक की पत्नी, उसका प्रेमी और एक अन्य साथी सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार 16 अप्रैल को गणेश नामक व्यक्ति की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह तेल पिरवाकर अकेले घर लौट रहा था। घटना के बाद मितौली पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी थी। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की पत्नी संध्या देवी का हरदोई निवासी पुरुषोत्तम बाजपेई के साथ लंबे समय से संबंध चल रहा था।
इसी संबंध के आधार पर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के अनुसार 16 अप्रैल को सुनसान मार्ग पर गणेश को रोका गया और उस पर तमंचे से फायर कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पुरुषोत्तम बाजपेई, संध्या देवी और प्रवेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम बाजपेई का आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर पहले से ही हत्या और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी प्रवेश कुमार के खिलाफ भी दहेज हत्या और हत्या से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।













