बुलंदशहर, 08 मई
जनपद बुलंदशहर में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधी घायल हो गए, जबकि पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। घटना सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के गुलावठी अंडरपास के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी।
चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को संभालते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश यश और गगन को गोली लग गई और वे घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बदमाशों के पास से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है, जिसका उपयोग घटना में किया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई उस मामले से जुड़ी है जिसमें 6 अप्रैल को सिकंदराबाद क्षेत्र के कैप्टन होटल के बाहर दो लोगों को गोली मारी गई थी। इस मामले में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में पुलिस और स्वाट टीम संयुक्त रूप से अभियान चला रही थी, जिसके दौरान यह मुठभेड़ हुई।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाश लंबे समय से फरार थे और इनकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी हुई थी। फिलहाल दोनों घायल बदमाशों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।






.jpg)

.jpg)

