लखनऊ, 08 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश में असमय वर्षा, ओलावृष्टि और आगजनी से रबी फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने किसानों और बटाईदारों के हित में हर संभव राहत उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक प्रभावित किसान और बटाईदार के नुकसान का निष्पक्ष और समयबद्ध आकलन कर तत्काल क्षतिपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि राजस्व, कृषि और अन्य संबंधित विभाग जनपद स्तर पर समन्वय स्थापित कर शीघ्र सर्वेक्षण कर रिपोर्ट शासन को भेजें, ताकि राहत वितरण में कोई विलंब न हो।
बीमा कंपनियों के साथ समन्वय बढ़ाकर फसल बीमा दावों का शीघ्र निपटान किया जाएगा। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि वे किसानों से संपर्क कर उन्हें बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, जिससे अधिकतम राहत मिल सके।
राजस्व विभाग को राज्य आपदा राहत कोष से प्रत्येक जनपद को पर्याप्त धनराशि तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रभावित किसानों को पारदर्शी और त्वरित सहायता मिले। आवश्यकता पड़ने पर राहत शिविर स्थापित किए जाएं और मंडी समितियों के माध्यम से भी किसानों को हरसंभव सहयोग दिया जाए।
अग्निकांड की घटनाओं में भी विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जनहानि और पशुहानि की स्थिति में 24 घंटे के भीतर राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। पात्र लाभार्थियों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत शीघ्र लाभान्वित किया जाएगा। जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत प्राथमिकता से आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राहत और पुनर्वास कार्यों में कोई लापरवाही अस्वीकार्य होगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने किसानों, कृषक परिवारों और बटाईदारों के प्रति सरकार की पूर्ण संवेदनशीलता और तत्परता के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार से खराब मौसम की स्थिति है। कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई, जबकि लखनऊ में मंगलवार शाम से बूंदाबांदी शुरू रही और पूरी रात तथा बुधवार सुबह भी हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तेज बारिश की संभावना को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)