मध्य प्रदेश
07 May, 2026

सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज, करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उज्जैन, 07 मई।

सिंहस्थ 2028 के भव्य आयोजन को लेकर उज्जैन में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों का निरीक्षण संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने गुरुवार को किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा रहे हैं।

संभागायुक्त आशीष सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सिंहस्थ महापर्व को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैल इंडिया चौराहा से शांतिनगर होते हुए नीलगंगा कवेलू कारखाना चौराहा तक 2700 मीटर लंबे और 18 मीटर चौड़े मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। इसके साथ ही कवेलू कारखाना चौराहा पर बन रहे अंडरपास का नक्शा देखा गया और निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा के लिए रोटरी का निर्माण भी किया जाए, जिससे भीड़ नियंत्रण में सहायता मिले।

इसके बाद मकोडिया आम से श्री सांदीपनि आश्रम तक 1.70 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन सीमेंट कांक्रीट मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। इस मार्ग पर विद्युत पोल शिफ्टिंग, खुदाई, सबग्रेड कार्य और रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी तेजी से जारी है।

संभागायुक्त ने श्री काल भैरव मंदिर मार्ग, सिद्धवट मार्ग और भैरवगढ़ चौराहा से कालियादेह पैलेस तक बन रहे फोर लेन मार्ग और फ्लायओवर कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों के जुड़ाव से भीड़ और यातायात प्रबंधन बेहतर होगा और इसके लिए निर्माण कार्य को अतिरिक्त श्रमिकों की मदद से तेज गति से पूरा किया जाए।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाई जाए और मौके पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़