भोपाल, 13 अप्रैल।
सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नरेला विधानसभा क्षेत्र के जोन-11 और जोन-12 में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मानसून से पहले सड़क, सीवेज और अन्य आधारभूत सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे हों, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में अमृत 2.0 के तहत संचालित सीवेज परियोजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय से पहले इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए खुदाई और निर्माण कार्य शीघ्र समाप्त करने पर जोर दिया, ताकि जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।
सड़क व्यवस्था को लेकर मंत्री ने पूरे क्षेत्र का वैज्ञानिक सर्वे कराने और प्रत्येक सड़क के लिए मरम्मत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों से जनता को परेशानी हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
अतिक्रमण के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए मंत्री ने नगर निगम और राजस्व विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध निर्माण और कब्जों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा में मंत्री ने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन, संबल और अन्य योजनाओं में कोई भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी प्रकरणों का समाधान अधिकतम तीन दिनों के भीतर करने और पारदर्शिता के लिए तकनीकी साधनों का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने विशेष निधि और शिक्षा उपकर से जुड़े कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अधोसंरचना, पार्क निर्माण और आवास योजनाओं में तेजी लाने तथा भूमि आवंटन से जुड़े मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया।
मंत्री ने निर्देश दिए कि जिन कार्यों का भूमि-पूजन हो चुका है, उन्हें तुरंत शुरू किया जाए और हर निर्माण स्थल पर लागत, समय-सीमा और ठेकेदार की जानकारी प्रदर्शित की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
पेयजल, बिजली और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। जहां आवश्यक हो, वहां नई हाईमास्ट लाइट लगाने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता अभियान को लेकर उन्होंने वार्डवार योजना बनाकर नालों-नालियों की नियमित सफाई और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं को धरातल पर उतारना है और नरेला क्षेत्र को विकास और स्वच्छता के मामले में आदर्श बनाया जाएगा।








.jpg)



