सुपौल, 07 मई।
सदर थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 मई 2026 को पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर बताया था कि देर रात अज्ञात अपराधियों ने उससे मोबाइल, पर्स में रखे पांच हजार रुपये नकद और वाहन में रखी दो मूर्तियों की लूट कर ली थी।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित राज उर्फ मुन्ना पाठक, इंकेश कुमार और चंदन कुमार शामिल हैं, जो सुपौल जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर लूटी गई सामग्री से जुड़ी एक अपाची बाइक और एक घड़ी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है, जिसके चलते आगे की जांच जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी रोहित राज उर्फ मुन्ना पाठक का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।




.jpg)

.jpg)





