यमुनानगर, 07 मई।
यमुनानगर में विवाह समारोह की तैयारियों के लिए उत्तर प्रदेश से आए एक युवक से नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिससे वह घायल हो गया, वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान यमुनानगर निवासी मोनू के रूप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह मामला उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रामपुर गांव निवासी महावीर सिंह की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी शादी 9 मई को यमुनानगर की एक युवती से तय हुई है और वह विवाह की रस्मों एवं खरीदारी के लिए 26 अप्रैल को नकदी लेकर यमुनानगर आया था।
आरोप है कि अगले दिन कैंप क्षेत्र में दो युवकों ने उससे विवाद किया और मारपीट के बाद उसकी जेब से करीब 30 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी उसे धमकाते हुए मौके से फरार हो गए।
बाद में स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर एक आरोपी की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीआईए-1 प्रभारी राजकुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी रटौली रोड क्षेत्र में मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगे, लेकिन पीछा करने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई, जिससे एक आरोपी घायल हो गया और दूसरा मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। पुलिस फरार आरोपी मदन की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।











.jpg)
