भोपाल, 11 मई।
मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नव नियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ने सोमवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इससे पहले उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद सौभाग्य सिंह पुस्तक भवन, अरेरा हिल्स पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ पदभार संभाला। इस दौरान उन्होंने संगठन और सेवा भाव को आधार बनाकर कार्य करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वे महापुरुषों के आदर्शों और सेवा भावना से प्रेरणा लेकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
सौभाग्य सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के माध्यम से विद्यार्थियों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही शिक्षा क्षेत्र में नवाचार, पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, विधायक सिद्धार्थ तिवारी सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






.jpg)





