अपराध
11 May, 2026

छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में एसआईटी गठित, एक आरोपी हिरासत में

सारण में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने एसआईटी गठित कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

सारण, 11 मई

जिले में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। पढ़ने के लिए जा रही छात्रा को चाकू दिखाकर धमकाने के बाद सुनसान इलाके में ले जाकर आरोपियों द्वारा इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है।

जानकारी के अनुसार रविवार को पीड़िता जब पढ़ने के लिए घर से निकली थी, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया। चाकू की नोक पर डराकर उसे पास के सुनसान चंवर क्षेत्र में ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।

घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने देर रात स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसएसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस ने जानकारी दी है कि एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

थाना प्रभारी के अनुसार पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण छपरा सदर अस्पताल में तीन सदस्यीय मेडिकल टीम द्वारा पूरा किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष और विधिसम्मत जांच सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन ने आमजन और मीडिया से पीड़िता की पहचान व गोपनीयता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़