शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में वाहन सौदे को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें चलती कार के भीतर हुई हाथापाई के दौरान चाकू चलने से दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला थाना कुमारसैन में राहुल नामक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। राहुल ने बताया कि वह वर्ष 2023 से 2025 तक सौरभ नाम के व्यक्ति का टिपर वाहन चलाता रहा है। सौरभ संजौली का रहने वाला है और वह अपना टिपर बेचने की तैयारी में था, जिसे खरीदने की इच्छा राहुल ने जताई थी।
शिकायत के अनुसार 11 मई को राहुल वाया क्षेत्र में मौजूद था, तभी सौरभ का फोन आया और उसे कुमारसैन बुलाकर शिमला चलकर वाहन दिखाने के लिए कहा गया। इसके बाद सौरभ सफेद रंग की कार में विक्की नामक व्यक्ति के साथ राहुल से मिलने पहुंचा और तीनों सुन्नी मार्ग से शिमला की ओर रवाना हुए।
रास्ते में राहुल और सौरभ के बीच वर्ष 2025 के लगभग साठ हजार रुपये के उधार को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ी और रात लगभग साढ़े नौ बजे सनावगी से करीब दो किलोमीटर आगे कार के भीतर ही मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान सौरभ ने सब्जी काटने वाली छुरी निकालकर धमकाना शुरू कर दिया। बीच-बचाव के दौरान विक्की ने छुरी छीनने की कोशिश की, जिससे झड़प में सौरभ के गले में चोट लग गई। इसके बाद सौरभ ने हमला किया, जिसमें राहुल के कान, गाल, ठोड़ी और बाजू पर चोटें आईं, जबकि विक्की मौके से भाग गया।
इसके बाद दोनों कार से बाहर आ गए। उसी दौरान सुन्नी की ओर से आ रहे एक तेल टैंकर के चालक ने दोनों को अलग कराया और सनावगी ढाबे के पास पहुंचाया। कुछ समय बाद पुलिस और आपातकालीन एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।
घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां सौरभ को कुमारसैन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और राहुल को खनेरी स्थित चिकित्सा परिसर में दाखिल किया गया। मेडिकल जांच में राहुल की चोटों को सामान्य लेकिन धारदार हथियार से हुई चोटें बताया गया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।








.jpg)


