सतना, 11 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के सतना जिले में हाईकोर्ट जबलपुर के आदेश के पालन में डालीबाबा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर अतिक्रमणकारियों द्वारा अचानक पथराव कर दिया गया। इस घटना में एसडीएम रघुराजनगर राहुल सिलाड़िया, तहसीलदार रघुराजनगर सौरभ मिश्रा सहित लगभग आधा दर्जन कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें तीन महिला पुलिसकर्मी सुषमा पांडे, रेखा पवार और आरती चतुर्वेदी भी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। तहसीलदार सौरभ मिश्रा ने बताया कि डालीबाबा क्षेत्र की अनीता अरोरा की जमीन से बेदखली का आदेश वर्ष 2023 में तहसीलदार न्यायालय से जारी हुआ था। इसके बाद एसडीएम न्यायालय और फिर हाईकोर्ट जबलपुर में अपील की गई, लेकिन हाईकोर्ट ने निचली अदालत के निर्णय को बरकरार रखते हुए बेदखली का आदेश जारी किया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह लगभग 11 बजे एसडीएम राहुल सिलाड़िया के नेतृत्व में राजस्व अमला, पुलिस बल और बुलडोजर मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकर्ता और उसके परिजनों ने विरोध किया। मकान गिराए जाने के बाद जब मलबा हटाने का काम चल रहा था, उसी समय कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
तहसीलदार ने बताया कि आदेश के एक सप्ताह पूर्व नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। यहां कबाड़ का भंडारण और डेयरी व्यवसाय भी संचालित किया जा रहा था।
इस कार्रवाई के दौरान सीएसपी देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान, तीन थानों के टीआई रावेन्द्र द्विवेदी, सुदीप सोनी और योगेन्द्र सिंह परिहार सहित महिला पुलिस बल और अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है कि हाईकोर्ट के आदेश के पालन के दौरान राजस्व अमले और पुलिस बल पर पथराव कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। तहसीलदार ने बताया कि पूरी कार्रवाई का पंचनामा एसडीएम के निर्देश पर तैयार किया गया है।













