मध्य प्रदेश
16 Jun, 2026

एमपी उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुलिस में सीधी भर्ती का मौका, एसआई और आरक्षक पदों पर नियुक्ति होगी

मध्यप्रदेश सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए पुलिस विभाग में सीधी भर्ती प्रक्रिया फिर शुरू करते हुए 10 उप निरीक्षक और 50 आरक्षक पदों पर नियुक्ति का रास्ता खोल दिया है।

भोपाल, 16 जून।

प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल करते हुए मध्यप्रदेश पुलिस में सीधी भर्ती प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में गृह विभाग ने मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021 में संशोधन कर नई अधिसूचना जारी कर दी है।

संशोधित प्रावधानों के अनुसार अब पुलिस विभाग में 10 उप निरीक्षक (एसआई) और 50 आरक्षक पदों पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति की जाएगी। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें खेल गतिविधियों से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित करना है।

नई व्यवस्था के तहत ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप, विश्व चैम्पियनशिप, राष्ट्रीय खेल और अधिकृत राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भर्ती में अवसर मिलेगा। इसके अलावा ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी पात्रता की श्रेणी में शामिल किए गए हैं।

सरकार ने खिलाड़ियों को भर्ती प्रक्रिया में विशेष राहत भी प्रदान की है। पात्र खिलाड़ियों को शैक्षणिक योग्यता और ऊंचाई जैसे कुछ शारीरिक मानकों में छूट मिलेगी। साथ ही उन्हें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) से भी मुक्त रखा जाएगा।

नियमों के अनुसार उप निरीक्षक पद के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले अथवा पदक जीतने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे। वहीं राष्ट्रीय खेल और अधिकृत राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को आरक्षक भर्ती के लिए योग्य माना जाएगा।

सरकार ने यह भी तय किया है कि भर्ती प्रक्रिया का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को नियमित रूप से अवसर मिल सकें और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को समय पर रोजगार उपलब्ध हो।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पहल को खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। सरकार का मानना है कि इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धा दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

|
आज का राशिफल

संतान की ओर से हर्ष के प्रसंग बनेंगे। समय को देखकर कार्य करना ज्यादा हितकर रहेगा। परिश्रम अधिक करना पड़ेगा तभी आप लाभ की आशा कर सकते हैं। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति के योग बनेंगे। आलस्य का त्याग करें। पुरुषार्थ का सहारा लें। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेगी। शुभांक-3-6-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़