नवादा, 08 जुलाई।
बिहार के नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटघरा गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पुराना विवाद बुधवार को हिंसक हो गया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की गौशाला में आग लगा दी, जिससे वहां बंधे करीब आधा दर्जन पशु जलकर राख हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
गौशाला में आगजनी के साथ दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट भी हुई। इस दौरान चाचा विनोद सिंह, लक्ष्मी देवी और फ्रूटी कुमारी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायल परिवार ने भतीजे मुरारी सिंह और उसके साथियों पर मारपीट करने तथा जानबूझकर गौशाला में आग लगाने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि जमीन बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इससे पहले भी कई बार झड़प हो चुकी है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सीतामढ़ी थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। अस्पताल में माता-पिता का इलाज करा रही फ्रूटी कुमारी ने बताया कि जब गौशाला में आग लगी और परिवार के लोगों के साथ मारपीट हो रही थी, तब मदद के लिए थाना प्रभारी के सरकारी नंबर पर कई बार फोन किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
परिवार के अनुसार, पुलिस से सहायता नहीं मिलने के बाद उन्होंने आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। इसके बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
















