गाजियाबाद, 23 जुलाई।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर मृतक के कारोबारी साझेदार और उसके दो साथियों पर संदेह जताया गया है। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई की देर रात करीब दो बजे हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर-3 निवासी अमित कुमार (35) अपने दोस्त विजय शर्मा के साथ कार से इंदिरापुरम पहुंचे थे। इसी दौरान वसुंधरा क्षेत्र के कनावनी-हिंडन मार्ग पर अमित को गोली मार दी गई। घटना के बाद विजय शर्मा ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी और दावा किया कि दो अज्ञात लोगों ने रास्ते में रोककर अमित पर गोली चलाई और फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में संदेह होने पर विजय शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि हत्या के पीछे अमित के दोस्त विजय शर्मा और उसके दो अन्य साथियों की कथित भूमिका हो सकती है। पूछताछ में विजय ने बताया कि वह और अमित गुरुग्राम में रेस्टोरेंट का संचालन करते थे तथा दोनों के बीच कारोबारी लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार विजय ने बहाने से अमित को गाजियाबाद बुलाया और इंदिरापुरम के कनावनी-हिंडन मार्ग पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। एसीपी ने बताया कि फरार दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।












