फतेहपुर, 23 जुलाई।
फतेहपुर जिले में गुरुवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोवध निवारण अधिनियम के एक मामले में वांछित दो गोतस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार हथगाम थाना क्षेत्र के अंबापुर रोड स्थित आदर्श पब्लिक स्कूल के सामने आम और महुआ के बाग में कुछ संदिग्ध लोगों के गोतस्करी की नीयत से मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीम और आफताब आलम के रूप में हुई है। दोनों गोवध निवारण अधिनियम के एक मुकदमे में वांछित थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, तीन लोहे के चापड़, एक लकड़ी का ठीहा, एक नीली पन्नी और बिना नंबर प्लेट की चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।
हथगाम थाना प्रभारी अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि घायल आरोपियों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।












