नोएडा, 23 जुलाई।
नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र स्थित गौर यमुना सिटी की एक सोसाइटी में रहने वाले 21 वर्षीय बीटेक छात्र ने कथित मानसिक तनाव के बीच सोसाइटी की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि कार्तिक शर्मा पुत्र पंकज शर्मा गौर यमुना सिटी स्थित एक सोसाइटी में रहते थे। बीती रात उन्होंने इमारत की छत से नीचे छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि किसी बात को लेकर छात्र का अपने परिजनों से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।












